पीएम मोदी करेंगे इंडिया मोबाइल कांग्रेस का उद्घाटन

- खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी जानकारी,

दिल्ली, ७ अक्तूबर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ८ अक्टूबर को सुबह यशोभूमि, नई दिल्ली में एशिया के सबसे बड़े टेक इवेंट इंडिया मोबाइल कांग्रेस का उद्घाटन करेंगे. यह कार्यक्रम देश की डिजिटल शक्ति, नवाचार और तकनीकी नेतृत्व को प्रदर्शित करेगा.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पीएम मोदी ने कहा कि वह “इनोवेशन से ट्रांसफॉर्मेशन” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि इस मंच पर भारत की दूरसंचार और डिजिटल विकास यात्रा पर चर्चा होगी, साथ ही आने वाले तकनीकी अवसरों पर विचार-विमर्श किया जाएगा.

८ से ११ अक्टूबर तक चलेगा शो

दूरसंचार विभाग और सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम ८ से ११ अक्टूबर तक चलेगा. इस बार का थीम “Innovate to Transform” रखा गया है, जो डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और सामाजिक प्रगति में नवाचार की भूमिका को दर्शाता है.

इस साल के कार्यक्रम में भारत की अगली पीढ़ी की कनेक्टिविटी योजनाओं पर विशेष फोकस रहेगा. इस कार्यक्रम में कई बड़े टेक्नोलॉजी पार्टनर्स और स्टार्टअप्स अपनी इनोवेशन प्रस्तुत करेंगे.

१५० देशों से आएंगे प्रतिनिधि

आयएमसी २०२५ में इस बार भागीदारी का रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है. १५० देशों से १.५ लाख से ज्यादा विजिटर्स, ७००० ग्लोबल डेलीगेट्स और ४०० से अधिक कंपनियां इसमें भाग लेंगी. इवेंट में १०० से ज्यादा सत्रों में ५जी-६जी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट मोबिलिटी, क्वांटम कंप्यूटिंग और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे विषयों पर चर्चा होगी.

अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर भी रहेगा जोर

इस कार्यक्रम में जापान, यूनाइटेड किंगडम, रूस, आयरलैंड, कनाडा और ऑस्ट्रिया जैसे देशों के प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे. इसका उद्देश्य भारत को वैश्विक तकनीकी साझेदारी का केंद्र बनाना है.

कार्यक्रम में १,६०० से ज्यादा नए यूज़ केस पेश किए जाएंगे, जो भारत की टेक्नोलॉजी क्षमता और इनोवेशन इकोसिस्टम को दर्शाएंगे.

पीएम मोदी के विजन से जुड़ा डिजिटल भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार भारत को डिजिटल महाशक्ति बनाने के लिए काम कर रहे हैं. डिजिटल इंडिया, ५जी लॉन्च और सेमीकंडक्टर मिशन जैसे कदमों ने देश को टेक्नोलॉजी के वैश्विक मानचित्र पर मजबूती दी है.

इंडिया मोबाइल कांग्रेस का यह संस्करण उसी दिशा में एक और बड़ा कदम है, जो स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और सरकार को एक साझा मंच पर लाता है.

इंडिया मोबाइल कांग्रेस २०२५ न सिर्फ भारत के तकनीकी विकास का प्रतीक है, बल्कि यह बताता है कि देश अब डिजिटल लीडरशिप की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. यह कार्यक्रम भारत के नवाचार, सहयोग और आत्मनिर्भरता की कहानी को वैश्विक मंच पर पेश करेगा.


✎ Edit

Posted by - Admin,
on - Tuesday, October 7, 2025,
Filed under -
You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0
Loading navigation...

No comments:

Post a Comment