सफलता को एक व्यापक परिप्रेक्ष्य से देखने का समय
भारत ने T20 वर्ल्ड कप 2024, मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी और अक्टूबर 2025 में एशिया कप अपने नाम किया। हाल ही में, टीम ने अपने T20 विश्वकप खिताब का सफलतापूर्वक बचाव कर एक और मील का पत्थर हासिल किया। यह जीत कई ऐतिहासिक उपलब्धियों का प्रतीक है। भारत तीसरी बार T20 विश्वकप जीतने वाला देश बना, वह भी डिफेंडिंग चैंपियन और मेज़बान टीम के रूप में। पिछले पांच अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में से चार पर कब्ज़ा जमाने वाली भारतीय टीम ने इनमें 37-2 का अद्वितीय जीत-हार का रिकॉर्ड बनाया। यह न केवल टीम की निरंतरता बल्कि उसके अद्वितीय दबदबे का भी प्रमाण है।
हर सफलता अपने पीछे साहस और परिश्रम की बेमिसाल कहानियां छोड़ जाती है। खास बात यह है कि इस बार इतने खिलाड़ियों ने योगदान दिया कि सभी को याद करना मुश्किल हो जाता है – यह निश्चित तौर पर एक बेहतरीन स्थिति है। आखिरकार, क्रिकेट एक टीम खेल है, जहां सामूहिक विजय व्यक्तिगत उपलब्धियों से अधिक अहमियत रखती है। यह एक ऐसा विचार है जिसे हर कोच हमेशा बल देते रहते हैं।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले, जो इस जीत को और भी खास बनाते हैं। जैसे संजू सैमसन, जो मुख्य टीम में शुरुआती सूची का हिस्सा ही नहीं थे, उन्होंने ‘प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट’ का खिताब जीता। अभिषेक शर्मा, जिन्हें प्रमुख बल्लेबाज के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई थी, शुरुआती दौर में खराब फॉर्म से जूझे। लेकिन जब उनके चयन पर सवाल उठने लगे, तब उन्होंने फाइनल में एक बेजोड़ पारी खेलकर आलोचकों को चुप करा दिया। ईशान किशन भी इस सूची में शामिल हैं – उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाई और अपने व्यक्तिगत संघर्षों के बावजूद फाइनल में ओपनर्स की लय बनाए रखी। यह सफलता न केवल भारतीय क्रिकेट की गहराई को दर्शाती है बल्कि यह भी दिखाती है कि विविध परिस्थितियों में हमारे खिलाड़ी कितने लचीले और प्रतिबद्ध हैं।
हमारी जीत कप्तान के अहम योगदान के बिना भी संभव हो सकती थी (अमेरिका के खिलाफ पहले मैच को छोड़कर)। तिलक वर्मा और पांड्या ने कई मौकों पर जिम्मेदारी संभाली, जबकि शिवम दुबे ने फिनिशर के तौर पर अपने प्रदर्शन से निरंतरता की मिसाल पेश की। बुमराह आज निस्संदेह दुनिया के सबसे बेहतरीन 'ऑल फॉर्मेट' गेंदबाजों में से एक बन चुके हैं। यह भारत के लिए सकारात्मक संकेत है कि दुनिया भर के बल्लेबाज अभी तक उनकी गेंदबाजी का तोड़ नहीं ढूंढ सके हैं। वहीं, अक्षर पटेल ने न केवल गेंदबाजी से बल्कि अपनी फुर्ती और मैदान में तेजी से भी अपनी उपयोगिता साबित की है।
इस सफलता की तारीफ करते हुए पूरी टीम का जिक्र करना जरूरी हो जाता है। यह हमारी सामूहिक ताकत और खेल के प्रति हमारी समर्पण भावना को दर्शाता है। इसी से यह भी सुनिश्चित होता है कि खिलाड़ी लगातार अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित रहें। बीते समय की उपलब्धियों पर ही टिके रहना सही नहीं, क्योंकि युवा प्रतिभाओं की लंबी कतार हमेशा तैयार रहती है जो खिलाड़ियों की जगह लेने का माद्दा रखती है। भले ही यह दबाव या असुरक्षा का अहसास कराए, लेकिन यह भावना खिलाड़ियों को ढिलाई बरतने से बचाने और लंबे करियर बनाए रखने में मदद करती है।
जीत जश्न मनाने का अवसर जरूर है, लेकिन निरंतरता के लिए आत्मचिंतन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। लिमिटेड ओवर क्रिकेट में हमारी हालिया सफलता खास रही है, लेकिन टेस्ट फॉर्मेट में हमारी स्थिति उल्लेखनीय नहीं रही। 2025 के इंग्लैंड दौरे को छोड़ दें, तो पिछले डेढ़ साल के भीतर हमने टेस्ट फॉर्मेट में औसत से भी कम प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया में हमें हार का सामना करना पड़ा और घर पर न्यूजीलैंड ने क्लीन स्वीप कर दिया। शायद यह भारतीय टेस्ट टीम के इतिहास का सबसे कमजोर दौर रहा।
पहले की महान टीमें, चाहे वह 70-80 के दशक की वेस्ट इंडीज हो या 2000 के दशक की ऑस्ट्रेलिया, हर फॉर्मेट और परिस्थिति में हावी रही थीं। यह हमारे क्रिकेट प्रशासकों के लिए सोचने का विषय होना चाहिए कि जहां आईपीएल सीमित ओवर्स के खिलाड़ियों को निखारने का शानदार माध्यम है, वहीं पांच दिवसीय क्रिकेट में सशक्त बनने के लिए रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी और ईरानी कप जैसे घरेलू टूर्नामेंट्स को ज्यादा प्राथमिकता दी जानी चाहिए। हमारी बल्लेबाजी भले ही गहरी दिखाई दे रही हो, लेकिन गेंदबाजी को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। हम बुमराह पर अत्यधिक निर्भर हैं और अश्विन के जाने से जो शून्य पैदा हुआ है, उसे भरना आसान नहीं होगा।
22 यार्ड लाइन से आगे बढ़कर देखें तो एक खेल राष्ट्र के तौर पर भारत का सफर अब भी अधूरा लगता है। जनसंख्या और अर्थव्यवस्था को देखते हुए, हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी वास्तविक क्षमता से काफी कम प्रदर्शन कर रहे हैं। क्रिकेट में हमारी वित्तीय ताकत सबसे ज्यादा होने के बावजूद, अन्य खेलों में मिली कुछेक उपलब्धियां कुल मिलाकर बड़ी तस्वीर में संतोषजनक नहीं हैं। टिकाऊ प्रगति और लगातार सफलता सुनिश्चित करने के लिए एक दीर्घकालिक रणनीतिक योजना की आवश्यकता है। हमारे जनसांख्यिकी से जुड़े जीन कसर भले ही किसी हद तक कम हों, लेकिन उन्हें सही प्रशिक्षण, अनुकूलन और पोषण के जरिये काफी हद तक संतुलित किया जा सकता है।
यह सत्य है कि किसी बड़े बदलाव में समय लगता है और इसके लिए सामूहिक प्रयासों का कोई विकल्प नहीं है। जैसा कि कहा जाता है, हजार मील की यात्रा की शुरुआत हमेशा एक छोटे कदम से होती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें