आयसीसी महिला विश्व कप २०२५: भारत ने पाकिस्तान को फिर हराया
भारत द्वारा दिए गए २४८ रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। दोनों ओपनर — मुनीबा अली (२) और सदफ शम्स (६) — दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। सिदरा अमीन (८१) ने अकेले संघर्ष किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला और पूरी टीम ४३ ओवर में १५९ रन पर सिमट गई।
भारत की ओर से क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने ३-३ विकेट लिए, जबकि स्नेह राणा ने २ विकेट चटकाए। इस जीत के साथ भारत ने २ मैचों में २ जीत हासिल कर ४ अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान के खिलाफ भारत का विश्व कप रिकॉर्ड अब १२-० हो गया है।
भारत की पारी की शुरुआत अच्छी रही — स्मृति मंधाना (२३) और प्रतीक रावल (३१) ने पहले विकेट के लिए ४८ रन जोड़े। लेकिन इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। हरलीन देओल (४६) और जेमिमा रोड्रिग्स (३२) ने ४५ रन जोड़े, दीप्ति शर्मा (२५) और स्नेह राणा (२०) ने ४२ रन की साझेदारी की। अंत में ऋचा घोष ने २० गेंदों में ३५ रन बनाकर भारत को अच्छी गति दी।
पाकिस्तान की ओर से डायना बेग ने १० ओवर में ६९ रन देकर ४ विकेट लिए — जो विश्व कप में किसी पाकिस्तानी तेज गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। सादिया इकबाल और फातिमा सना ने २-२ विकेट लिए, जबकि रामीन शमीम और निश्रा संधू को १-१ विकेट मिला।

No comments:
Post a Comment