अमित शाह का एक्टिंग प्राइम मिनिस्टर की तरह काम
- प्रधानमंत्री मोदी हो जाएं सावधान: ममता बनर्जी,
कोलकाता, ०८ अक्टूबर २०२५ - पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए गृह मंत्री अमित शाह की तुलना मीर जाफर से कर दी है| ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि अमित शाह देश कार्यवाहक प्रधानमंत्री की तरह काम कर रहे हैं| बीते दिनों बाढ़ से तबाह उत्तरी बंगाल से लौटने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए, ममता बनर्जी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजारिश करना चाहती हैं कि वे अमित शाह पर ज्यादा भरोसा न करें, क्योंकि एक दिन वे मीर जाफर बन कर उन्हें धोखा दे सकते हैं|
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण करवाने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना कर रही थीं| ममता ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, ये सरकार देश को खत्म कर देगी| मैंने कई सरकारें देखी हैं लेकिन ऐसी अहंकारी और तानाशाह सरकार कभी नहीं देखी| उन्हें याद रखना चाहिए कि आज ये सत्ता में हैं, कल नहीं भी रह सकते हैं| उनके पार्टी के नेता ने कहा है कि बंगाल में ८ लाख वोटर का नाम काट देंगे| आप खुद बताइए बंगाल में अभी बारिश, बाढ़, त्योहार सब कुछ हैं| ऐसे में वे १५ दिन के अंदर डखठ करवाने की बात कर रहे हैं| इसमें बीजेपी का भी कमीशन होगा|
ममता बनर्जी ने आगे अमित शाह पर निशाना साधा| उन्होंने कहा, ये सब अमित शाह का खेल है| वो एक्टिंग प्राइम मिनिस्टर की तरह काम कर रहे हैं| लेकिन मुझे दुख है कि प्रधानमंत्री भी सब जानते हैं| ममता ने कहा, मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहूंगी कि अमित शाह पर हमेशा भरोसा मत करिए| एक दिन वे आपके बड़े मीर जाफर बन जाएंगे| पहले से ख्याल रखिए|

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें