किसानों को मोदी सरकार का उपहार
- रबी फसलों की एमएसपी में बढ़ोतरी, ११००० करोड़ की योजना को मंजूरी,
नई दिल्ली, ०१ अक्टूबर २०२५ - केंद्र सरकार ने रबी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी बढ़ाने का फैसला किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार, ०१ अक्टूबर २०२५ को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के लिए ₹८४२०० करोड़ के प्रावधान को मंजूरी दी है, जिससे देश के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा.
वहीं, देश में दलहन फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए ₹११००० करोड़ की 6 वर्षीय योजना को भी मंजूरी दी गई है. इस पहल का लक्ष्य देश में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसानों की आय बढ़ाना है. बता दें कि दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से योजनाएं चलाई जा रही हैं. पानी की अधिक खपत वाली धान जैसी फसल की खेती को कम करने और दलहन-तिलहन को बढ़ावा देने पर सरकार का ध्यान है.
दिवाली से पहले किसानों को तोहफा
किसान लंबे दिनों से फसलों का एमएसपी बढ़ाने और एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं.इसके लिए किसानों ने आंदोलन भी किया है. पंजाब में किसान कई महीने तक धरने पर भी बैठे हैं. इस बीच सरकार ने दशहरा-दिवाली से पहले किसानों को तोहफा दे दिया है. बता दें कि सरकार ने पिछली बार भी रबी फसलों का एमएसपी बढ़ाने का ऐलान किया था.
दलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए ११००० करोड़ रुपये फंड से किसानों को सब्सिडी दी जाएगी ताकि वे दलहन की खेती पर अधिक जोर दें. इसके अलावा, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर दालों की खरीद के लिए पीएम आशा गारंटी ४५००० करोड़ रुपये से बढ़ाकर ६०००० करोड़ रुपये कर दी गई है.
कृषि लागत एवं मूल्य आयोग ने रबी सीजन में ६ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की सिफारिश की है. हाल में जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में दलहन और तिलहन की खेती का रकबा कम हुआ है. जिसे सरकार बढ़ाना चाहती है.

No comments:
Post a Comment