विश्व के ९१ देशों में १५० स्थानों पर होगा विकसित भारत रन का आयोजन

नई दिल्ली, (२५ सितम्बर) - राष्ट्र निर्माण में सामूहिक प्रयास को प्रेरित करने के लिए युवा एवं खेल मामलों का मंत्रालय विदेश मंत्रालय के सहयोग से सेवा पखवाड़ा के दौरान ‘विकसित भारत रन-२०२५’ का आयोजन करेगा| यह दौड़ ९१ देशों में १५० से अधिक स्थानों पर पहली बार आयोजित होगी| मंत्रालय के मुताबिक अधिकांश दौड़ २८ सितंबर को आयोजित की जाएगी| रन टू सर्व द नेशन टैगलाइन के साथ आयोजित यह सामुदायिक दौड़ ३ से ५ किलोमीटर की दूरी पर होगी| आयोजन के लिए विश्वभर के प्रतिष्ठित और प्रतीकात्मक स्थान चुने गए हैं, जिनमें मैक्सिको सिटी का एंजेल ऑफ इंडिपेंडेंस, सूरीनाम के पारामारिबो का यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल और सैन फ्रांसिस्को का गोल्डन गेट ब्रिज शामिल हैं|

इस दौड़ में प्रवासी भारतीय युवा, स्थानीय समुदाय, छात्र, पेशेवर भाग लेंगे| प्रतिभागी आत्मनिर्भर भारत की प्रतिज्ञा लेंगे, एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण अभियान में हिस्सा लेंगे और माई भारत पोर्टल से जुड़ेंगे| इस पहल के जरिए प्रवासी भारतीयों, भारतीय मूल के व्यक्तियों और स्थानीय समुदायों को जोड़ने पर भी बल दिया गया है| भारतीय मिशन सांस्कृतिक संगठनों और सामुदायिक समूहों के साथ मिलकर युवाओं को संगठित करने का कार्य करेंगे|

स्थानीय नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों को भी इस आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल किया जाएगा| दौड़ के बाद गतिविधियों की तस्वीरें और वीडियो माई भारत पोर्टल पर साझा किए जाएंगे|

✎ Edit

Posted by - Admin,
on - Wednesday, October 1, 2025,
Filed under - ,
You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0
Loading navigation...

No comments:

Post a Comment