चिराग की मुस्कुराहट बता रही, एनडीए में ऑल गुड
चिराग के साथ नित्यानंद मीडिया के सामने मुस्कुराते आए नजर
दरअसल गुरुवार को सीट बंटवारे को लेकर नाराज नजर आ रहे चिराग पासवान को नित्यानंद राय कैमरे पर लेकर आए. इस दौरान चिराग के सामने ही नित्यानंद राय ने कहा कि हमारे चेहरे की मुस्कुराहट ही सब कुछ बता रही है. नित्यानंद राय जब मीडिया से यह बोल रहे थे, तब पास में खड़े चिराग पासवान भी मुस्कुरा रहे थे.
चिराग से मिलकर नित्यानंद राय बोले- सब कुछ पॉजिटिव
इस दौरान नित्यानंद राय ने यह भी कहा कि सब कुछ पॉजिटिव है. समय आने पर चिराग जी आपको खुद सबकुछ बता देंगे. चिराग से मुलाकात के बाद नित्यानंद राय ने बिहार भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से उनके आवास पर मुलाकात की. बताया जा रहा है कि नित्यानंद राय ने धर्मेंद्र प्रधान को चिराग के साथ अपनी मुलाकात के बारे में जानकारी दी.
एनडीए में अब सीट बंटवारे को लेकर कोई दिक्कत नहीं
इधर सूत्रों से जो जानकारी सामने आई है कि उसके अनुसार अब एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर कोई दिक्कत नहीं है. संभावना है कि उम्मीदवारों की पहली सूची एनडीए के सभी घटक दल साझा तौर पर जारी करें. १३ अक्तूबर को एनडीए की पहली सूची आ सकती है. जेडीयू ने बीजेपी को अन्य सहयोगी दलों से बातचीत के लिए अधिकृत किया है. चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा से बातचीत सही दिशा में चल रही है.
बीजेपी का होमवर्क पूरा
इस बीच, बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों के चयन के लिए राज्य स्तर पर प्रक्रिया पूरी कर ली है. ११ अक्तूबर को दिल्ली में बीजेपी के बिहार कोर ग्रुप की बैठक हो सकती है. बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक १२ अक्तूबर को दिल्ली में संभावित है. जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा समेत अन्य वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे. इसके बाद प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी हो सकती है.
on - गुरुवार, 9 अक्टूबर 2025,
Filed under - बिहार-झारखंड , राज्य , bihar/jharkhand , state
You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें